लोकतंत्र का महापर्व: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता की अपील— “शहरी निकाय चुनाव में जिम्मेदारी से करें मतदान, युवा निभाएं मुख्य भूमिका”
17 मई को धर्मशाला, सोलन, मंडी और पालमपुर नगर निगमों सहित प्रदेश के विभिन्न निकायों में पड़ेगा वोट; चुनाव प्रचार थमा, तैयारियां पूरी।

17/05/2026-VIDYA SAGAR
शिमला। देवभूमि में शहरी सरकार चुनने के लिए लोकतंत्र का मंच पूरी तरह सज चुका है। प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने सभी पात्र मतदाताओं से 17 मई, 2026 को आयोजित होने वाले शहरी स्थानीय निकाय (ULB) चुनावों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और रिकॉर्ड मतदान करने की पुरज़ोर अपील की है।
बता दें कि प्रदेश में शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए जारी सघन प्रचार अभियान आज पूरी तरह थम गया है। अब कल यानी 17 मई को धर्मशाला, सोलन, मंडी एवं पालमपुर नगर निगमों सहित विभिन्न नगर परिषदों और नगर पंचायतों के विकास की कमान सौंपने के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

स्थानीय स्वशासन और बेहतर सुविधाओं के लिए मतदान जरूरी
राज्यपाल ने चुनाव की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों के नाम जारी विशेष संदेश में कहा कि शहरी स्थानीय निकाय चुनाव जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करने का सबसे बड़ा माध्यम हैं। उन्होंने कहा:-
“ये चुनाव स्थानीय स्वशासन को सुदृढ़ बनाने तथा हमारे शहरों और कस्बों में बेहतर नागरिक सुविधाएं, आधुनिक बुनियादी ढांचा एवं योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मतदान केवल एक संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक का परम कर्तव्य भी है। सभी मतदाता जिम्मेदारीपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करें।”
पहली बार वोट डालने वाले युवाओं से विशेष आह्वान
अपने संदेश में राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने ‘फर्स्ट टाइम वोटर्स’ (प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं) पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। युवाओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा:-
“युवा वर्ग लोकतांत्रिक प्रक्रिया की रीढ़ है। पहली बार मतदान करना न केवल एक नया अनुभव है, बल्कि यह राष्ट्र और समाज निर्माण के प्रति आपकी जिम्मेदारी और गौरव का प्रतीक है। युवा साथी कल सुबह सबसे पहले पोलिंग बूथ पर पहुंचकर अपने शहरों और प्रदेश के भविष्य निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।”
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद
राज्यपाल ने संपूर्ण प्रदेशवासियों से चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने नागरिकों से बेहद शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं व्यवस्थित ढंग से अपने-अपने मतदान केंद्रों तक पहुंचने का आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने विश्वास जताया कि पूरी मतदान प्रक्रिया के दौरान देवभूमि की संस्कृति के अनुरूप सौहार्द, मर्यादा और निष्पक्ष चुनाव की गरिमा बनी रहेगी।



