धर्मशाला से संचालित होगा राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, सीएम सुक्खू ने किया नए कार्यालय का वर्चुअल आगाज़
बड़ी राहत: ओबीसी आबादी को अब काम के लिए नहीं आना पड़ेगा शिमला, समय और धन दोनों की होगी बचत; धर्मशाला में जल्द खुलेगा 'रेरा' कार्यालय।

VIDYA SAGAR
शिमला/धर्मशाला, 07 जुलाई (हिमाचल न्यूज़ डेली):
![]()
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज प्रदेश सचिवालय से वर्चुअल माध्यम से धर्मशाला में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष के नए कार्यालय का विधिवत शुभारम्भ किया। बता दें कि यह कार्यालय कुछ समय पहले ही शिमला से धर्मशाला स्थानांतरित किया गया था, जिसका लाभ सीधे तौर पर कांगड़ा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा।
ओबीसी समुदाय को मिलेगी बड़ी सुविधा
मुख्यमंत्री ने कांगड़ा जिले के लोगों को इस नई सुविधा के लिए बधाई देते हुए कहा:-
“कांगड़ा तथा आसपास के जिलों में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की एक बड़ी आबादी निवास करती है। आयोग का कार्यालय धर्मशाला स्थानांतरित होने से अब लोगों को अपने काम के लिए शिमला की लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे उनके समय और धन दोनों की बचत होगी और आयोग की सेवाएं अधिक शीघ्रता व सरलता से मिल सकेंगी।”
![]()

धर्मशाला में जल्द खुलेगा ‘रेरा’ कार्यालय
प्रशासनिक विकेंद्रीकरण को और मजबूती देते हुए मुख्यमंत्री ने उपायुक्त कांगड़ा को धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (RERA) का कार्यालय भी शीघ्र खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाएं।
कांगड़ा को ‘पर्यटन राजधानी’ बनाने की दिशा में बढ़ते कदम
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने दोहराया कि राज्य सरकार ने कांगड़ा जिले को प्रदेश की ‘पर्यटन राजधानी’ घोषित किया है। इसी विज़न के तहत कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों को कांगड़ा स्थानांतरित किया जा रहा है और आने वाले समय में भी कुछ अन्य कार्यालयों को यहां शिफ्ट करने की योजना है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार शिमला के डोडरा क्वार क्षेत्र को OBC का दर्जा और कांगड़ा के बड़ा भंगाल क्षेत्र को अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा दिलवाने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है।

![]()
आभार और उपस्थिति
इससे पूर्व, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष प्रभात चौधरी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और कार्यालय को धर्मशाला स्थानांतरित करने के ऐतिहासिक निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शिमला में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार, विधायक सुरेश कुमार, विनोद सुल्तानपुरी एवं सुदर्शन बबलू तथा पूर्व विधायक सतपाल रायजादा मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित रहे। वहीं, धर्मशाला से आयोग के सदस्य राकेश चौधरी, अधिवक्ता कश्मीर सिंह भारती, राजीव राणा तथा उपायुक्त हेमराज बैरवा वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम का हिस्सा बने।



