लेटस्ट न्यूजहिमाचल न्यूज

राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर कांग्रेस का हल्ला बोल, सीएम सुक्खू के नेतृत्व में शिमला में बड़ा प्रदर्शन

आस्था पर सियासत: जय श्रीराम के नारों से गूंजी राजधानी; सीएम सुक्खू बोले- 'भाजपा ने किया राम नाम का राजनीतिकरण, चंदा चोरों ने भक्तों की आस्था चुराई।'

VIDYA SAGAR

शिमला, 07 जुलाई (हिमाचल न्यूज़ डेली):

अयोध्या राम मंदिर निर्माण के चंदे में हुई कथित हेराफेरी और चोरी के मामले को लेकर आज हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने राजधानी शिमला में एक बड़ा और आक्रामक सांकेतिक प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में एकजुट हुए कांग्रेस मंत्रियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी खेल परिसर से लेकर राम बाजार स्थित राम मंदिर तक जोरदार पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं के ‘जय श्रीराम’ और विरोध के नारों से पूरा शिमला गूंज उठा।

राम मंदिर में हवन और जाखू में हनुमान चालीसा का पाठ

राजनीतिक प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों और विधायकों ने राम बाजार के ऐतिहासिक राम मंदिर में जाकर विधिवत पूजा-अर्चना की और एक विशेष हवन में आहुति डाली। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे ऐतिहासिक जाखू मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान हनुमान के चरणों में शीश नवाया और हनुमान चालीसा का पाठ कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

“चंदा चोरों ने पैसों की नहीं, आस्था की चोरी की है”

प्रदर्शन के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने भाजपा और मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कुछ लोगों पर तीखे प्रहार किए। मुख्यमंत्री ने कहा:-

“हम सच्चे हिंदू हैं और भगवान राम में हमारी अथाह आस्था है। जब अयोध्या में मंदिर का उद्घाटन हो रहा था, तब केंद्र ने आधे दिन की छुट्टी दी थी, लेकिन हमारी सरकार ने पूरे दिन का राजकीय अवकाश घोषित किया था। लेकिन आज दुख की बात है कि राम मंदिर में जो चंदा चोर बैठे हैं, उन्होंने केवल पैसे की चोरी नहीं की, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की पवित्र आस्था को चुराया है। जहां आस्था की चोरी होगी, वहां देश का हर नागरिक विरोध में खड़ा होगा।”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों ने भगवान राम से प्रार्थना की है कि राम और धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले और चंदा चुराने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को भगवान सद्बुद्धि दें।



‘राम मंदिर का असली श्रेय स्वर्गीय राजीव गांधी को जाता है’

इतिहास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर का श्रेय सबसे पहले पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी को जाना चाहिए, जिन्होंने सबसे पहले राम मंदिर का ताला खुलवाया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस हिंदू संस्कृति में अटूट विश्वास रखती है और सभी धर्मों का सम्मान करती है, लेकिन वह राम नाम की आड़ में भावनाओं की राजनीति नहीं करना चाहती।


प्रदर्शन में शामिल रहे दिग्गज नेता

इस व्यापक प्रदर्शन में मुख्यमंत्री के साथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, और नगर नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी सहित उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया और कई विधायक, शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल तथा भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button