14वें थल सेनाध्यक्ष जनरल वी.एन. शर्मा के निधन पर राज्यपाल ने जताया शोक: कहा— “हिमाचल ने खो दिया अपना श्रेष्ठ सैन्य नायक”
97 वर्ष की आयु में पूर्व सेना प्रमुख का निधन; राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा— 'जनरल शर्मा की देशभक्ति और अनुकरणीय नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों के लिए रहेगा प्रेरणास्रोत'

शिमला, 31 जुलाई 2026
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने भारतीय थल सेना के 14वें अध्यक्ष (Chief of Army Staff) जनरल वी. एन. शर्मा के निधन पर गहरा दुख एवं शोक व्यक्त किया है। 97 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली।
1988 से 1990 तक देश को दीं बहुमूल्य सेवाएं
जनरल वी. एन. शर्मा ने वर्ष 1988 से 1990 तक भारतीय थल सेनाध्यक्ष के रूप में देश की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। राज्यपाल ने उनके निधन को एक ‘युग का अंत’ बताते हुए कहा कि उन्होंने उत्कृष्ट नेतृत्व, उच्च पेशेवर दक्षता और राष्ट्र के प्रति निःस्वार्थ सेवा की एक प्रेरणादायी विरासत छोड़ी है।

कांगड़ा के डाड गांव से था गहरा नाता
राज्यपाल ने बताया कि जनरल शर्मा मूल रूप से हिमाचल प्रदेश से संबंध रखते थे। उनका पैतृक गांव कांगड़ा जिले का डाड गांव है, जो अपनी समृद्ध सैन्य परंपराओं और सशस्त्र बलों में दिए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए जाना जाता है।
राष्ट्रीय सेवा में दशकों तक योगदान देने के बाद भी उन्होंने अपने गांव डाड से हमेशा गहरा जुड़ाव बनाए रखा। वह हाल ही में अपने पैतृक गांव से दिल्ली स्थित डिफेंस कॉलोनी आवास लौटे थे।
“कृतज्ञता और गर्व के साथ याद रखा जाएगा योगदान”
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने जनरल शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा:-
“हिमाचल प्रदेश ने अपना एक श्रेष्ठ सैन्य नायक खो दिया है। राष्ट्र की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के प्रति जनरल शर्मा की अटूट प्रतिबद्धता ने उन्हें देशवासियों और सशस्त्र बलों में अपार सम्मान दिलवाया। भारतीय सेना को सशक्त बनाने में उनके योगदान को सदैव कृतज्ञता और गर्व के साथ याद किया जाएगा।”
राज्यपाल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने का बल प्रदान करने की प्रार्थना की।




