धर्मांतरण के विरोध में हिंदू समाज का प्रदर्शन, जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
घुमारवीं पुलिस की कथित एकतरफा कार्रवाई का जताया विरोध, दोनों पक्षों की एफआईआर पर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

25 अगस्त, 2026
(विरेन ठाकुर)
बिलासपुर। ईसाई धर्मांतरण के विरोध में मंगलवार को बिलासपुर जिला केंद्र में हिंदू समाज एवं विभिन्न हिंदू संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने हवाण क्षेत्र में पिछले काफी समय से चल रहे कथित धर्मांतरण का विरोध करते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और दोनों पक्षों की शिकायतों पर समान रूप से कार्रवाई करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हवाण क्षेत्र में धर्मांतरण का विरोध करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में मामले दर्ज करवाए गए। हिंदू समाज का कहना है कि घुमारवीं पुलिस द्वारा ईसाई समुदाय की ओर से दर्ज एफआईआर पर कार्रवाई करते हुए हिंदू समाज के ग्रामीणों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 307 और एससी/एसटी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई तथा छह लोगों को जेल भेजा गया और 17 लोगों को नामजद किया गया।
78 दिन बाद भी दूसरी एफआईआर पर कार्रवाई न होने का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ईसाई समुदाय द्वारा कथित धर्मांतरण को लेकर दर्ज करवाई गई एफआईआर पर 78 दिन बीत जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। हिंदू समाज ने पुलिस की इस कथित एकतरफा कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए मामले में निष्पक्षता बरतने की मांग की।

जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
इस गंभीर विषय को लेकर प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि धर्मांतरण से संबंधित दूसरी एफआईआर में भी कानून के अनुसार निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि दोनों पक्षों की शिकायतों पर समान रूप से कानूनी प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए।
विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री तुषार डोगरा, जिला मंत्री विशाल नड्डा, राजपूत महासभा से विजय राजपूत, चांदपुर पंचायत के पूर्व प्रधान रजनीश, बंदला पंचायत के पूर्व प्रधान सतीश सहित दुर्गा वाहिनी और मातृशक्ति की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग दोहराई।




