मुख्यमंत्री ने एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केन्द्र और राज्य आपातकालीन संचालन केन्द्र का किया औचक निरीक्षण
त्वरित घटना रिपोर्टिंग प्रणाली की कार्यप्रणाली का लिया जायजा

31 अगस्त, 2026
(Viren Thakur)
शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला स्थित एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केन्द्र तथा राज्य आपातकालीन संचालन केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र में स्थापित त्वरित घटना रिपोर्टिंग प्रणाली के तहत किए जा रहे विभिन्न निगरानी कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
डैमों से पानी छोड़ने और वर्षा से हुए नुकसान का सटीक डेटा तैयार करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में विभिन्न डैमों से पानी छोड़े जाने तथा बरसात के दौरान होने वाले नुकसान से संबंधित आंकड़ों का सटीक एवं अद्यतन डेटा तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में समय पर और सही जानकारी उपलब्ध होना राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निगरानी एवं सूचना तंत्र को मजबूत करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और सटीक डेटा के प्रभावी उपयोग से प्रदेश में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकता है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव के.के. पंत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।




