हिमाचल न्यूज

एचपीटीयू हमीरपुर के लिए 76.07 करोड़ का प्रावधान, शोध और तकनीकी शिक्षा को मिलेगा नया आयाम

आधुनिक प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय विस्तार, पीएचडी शोध और छात्र गतिविधियों के लिए व्यापक प्रावधान

 

20/04/2020- हिमाचल तकनीकी विश्वविद्यालय को 76.07 करोड़ का बजट, शोध व नवाचार को मिलेगा नया बल!

हिमाचल प्रदेश सरकार ने शिक्षा और तकनीकी विकास को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय, हमीरपुर के लिए वित्त वर्ष 2026-27 हेतु 76.07 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। यह प्रावधान विश्वविद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर उसे अनुसंधान, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

इस बजट में आधुनिक प्रयोगशालाओं के सुदृढ़ीकरण, उन्नत उपकरणों की उपलब्धता और नवीन तकनीकी अवधारणाओं के विकास पर विशेष जोर दिया गया है। साथ ही, विश्वविद्यालय के पुस्तकालय में पुस्तकों, ई-पुस्तकों और शोध पत्रिकाओं की उपलब्धता बढ़ाने के लिए भी पर्याप्त धनराशि निर्धारित की गई है, जिससे छात्रों और शोधार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन मिल सकें।

 

पीएचडी स्तर पर शोध कार्यों को प्रोत्साहन देने के लिए शोध-मार्गदर्शन व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, शोधार्थियों के कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण कराने वाले गाइड को 50,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का भी प्रावधान किया गया है, जिससे शोध की गुणवत्ता और परिणामों में सुधार की उम्मीद है।

सरकार ने केवल शैक्षणिक ही नहीं, बल्कि समग्र विकास पर भी ध्यान दिया है। खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के बजट को 25 लाख से बढ़ाकर 55 लाख रुपये किया गया है, जिससे छात्रों को अपनी प्रतिभा निखारने के अधिक अवसर मिलेंगे। वहीं, उद्यमिता विकास कार्यक्रमों के लिए 2 करोड़ रुपये और औद्योगिक अनुभव एवं प्रशिक्षण के लिए 1 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

छात्र गतिविधियों और कौशल विकास के लिए 70 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं, जो युवाओं को रोजगारपरक और आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होंगे।

सरकार का यह कदम न केवल विश्वविद्यालय की आधारभूत संरचना को मजबूत करेगा, बल्कि हिमाचल प्रदेश को तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button