हिमाचल न्यूज

12वां इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ शिमला 25 से 27 सितंबर तक गेयटी थिएटर में होगा आयोजित

तीन दिवसीय फिल्म समारोह में 33 देशों और भारत के 12 राज्यों के फिल्मकार एवं सिनेमा जगत से जुड़े प्रतिनिधि होंगे शामिल प्रसिद्ध फिल्मकार अमित राय और अभिनेता शरीब हाशमी दर्शकों से रूबरू होंगे

Advertisement

September 21, 2026

(Viren Thakur)

12वां इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ शिमला (IIFS) आगामी 25 से 27 सितंबर, 2026 तक शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में आयोजित किया जाएगा। इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में भारत सहित दुनिया भर के फिल्मकारों, कलाकारों, सिनेमा जगत से जुड़े पेशेवरों और सिनेमा प्रेमियों की सहभागिता होगी।

इस वर्ष के फिल्म समारोह में 33 देशों की भागीदारी होगी । समारोह में ईरान, पुर्तगाल, कनाडा, मैक्सिको, नेपाल, संयुक्त राज्य अमेरिका, दक्षिण कोरिया, रूसी संघ, संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया, अज़रबैजान, पोलैंड, बांग्लादेश, बुल्गारिया, चीन, स्विट्जरलैंड, मलेशिया, जर्मनी, स्पेन, फ्रांस, यूनाइटेड किंगडम, क्रोएशिया, इंडोनेशिया, इटली, फिलिस्तीन, रवांडा, युगांडा, थाईलैंड और यूक्रेन सहित भारत की भागीदारी रहेगी। समारोह में विभिन्न देशों की संस्कृतियों, समाजों और फिल्म निर्माण की परंपराओं को दर्शाने वाली विविध फिल्मों की स्क्रीनिंग की जायेगी ।

फिल्म समारोह में भारत के विभिन्न हिस्सों से भी व्यापक भागीदारी देखने को मिलेगी। देश के 12 राज्यों के फिल्मकार और सिनेमा से जुड़े प्रतिनिधि इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे। इनमें केरल, झारखंड, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, राजस्थान, मणिपुर, ओडिशा, बिहार और कर्नाटक शामिल हैं।

अमित राय एक प्रसिद्ध लेखक और फिल्म निर्देशक हैं, जोअपनी संवेदनशील और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कहानियों के लिए जाने जाते हैं। उन्हें विशेष पहचान वर्ष 2023 में आई फिल्म OMG 2 से मिली, जिसका उन्होंने लेखन और निर्देशन किया। फिल्म में अक्षय कुमार, पंकज त्रिपाठी और यामी गौतम ने प्रमुख भूमिकाएं निभाईं। OMG 2 ने शिक्षा और सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषय को प्रभावशाली और मनोरंजक तरीके से प्रस्तुत किया। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से व्यापक सराहना मिली तथा इसे 69वें फिल्मफेयर पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ कहानी (Best Story) का पुरस्कार भी प्राप्त हुआ।

अभिनेता शरीब हाशमी भी फिल्म महोत्सव के पहले दिन, 25 सितंबर को एक विशेष सत्र में दर्शकों से रूबरू होंगे और उनके साथ संवाद करेंगे। शरीब हाशमी एक बहुमुखी भारतीय अभिनेता हैं, जिन्हें अपने सहज अभिनय और प्रभावशाली स्क्रीन उपस्थिति के लिए विशेष रूप से सराहा जाता है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टेलीविजन से की और धीरे-धीरे हिंदी सिनेमा तथा डिजिटल मनोरंजन की दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। फिल्म ‘फिल्मिस्तान’ में उनके अभिनय को व्यापक सराहना मिली। इस फिल्म ने हिंदी की सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी जीता।

Advertisement

शरीब हाशमी ने ‘जब तक है जान’, ‘बत्ती गुल मीटर चालू’, ‘फाइटर’ और ‘धाकड़’ जैसी चर्चित फिल्मों में भी अभिनय किया है। लोकप्रिय वेब सीरीज़ ‘द फैमिली मैन’ में जे.के. तलपड़े के उनके किरदार को दर्शकों ने खासा पसंद किया। हास्य, भावनात्मक गहराई और सहज यथार्थवादी अभिनय का अनूठा संयोजन उनके अभिनय को समकालीन सिनेमा में विशिष्ट पहचान देता है।

प्रसिद्ध फिल्मकार अमित राय दर्शकों से रूबरू होने के लिए एक सेशन लेंगे,अमित राय की फिल्मों की विशेषता सामाजिक विषयों को संवेदनशीलता और प्रभावी कहानी कहने की शैली के साथ प्रस्तुत करना रही है। उनके साथ होने वाला संवाद सत्र युवा फिल्मकारों और सिनेमा के विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी और प्रेरणादायक होने की उम्मीद है।

फेस्टिवल डायरेक्टर पुष्प राज ठाकुर ने कहा, “सिनेमा भौगोलिक और सांस्कृतिक सीमाओं से परे जाकर लोगों को जोड़ने का काम करता है। 33 देशों और भारत के 12 राज्यों के फिल्मकारों एवं सिनेमा प्रतिनिधियों की भागीदारी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ शिमला के 12वें संस्करण को वास्तव में एक वैश्विक आयोजन बनाती है। हम देश-विदेश के फिल्मकारों और सिनेमा प्रेमियों का शिमला में स्वागत करने और उन्हें सिनेमा के माध्यम से अपनी कहानियां, विचार और अनुभव साझा करने के लिए एक मंच प्रदान करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।”

ऐतिहासिक गेयटी थिएटर फिल्म समारोह का प्रमुख आयोजन स्थल होगा। 25 से 27 सितंबर, 2026 तक आयोजित होने वाला 12वां इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ शिमला फिल्मकारों, मीडिया प्रतिनिधियों, फिल्म एवं मनोरंजन उद्योग से जुड़े पेशेवरों, विद्यार्थियों तथा सिनेमा प्रेमियों को शिमला में वैश्विक सिनेमा के इस तीन दिवसीय उत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता है।

इस समारोह का आयोजन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार, भाषा एवं संस्कृति विभाग , हिमाचल प्रदेश सरकार और हिमालयन वेलोसिटी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

 

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button