नई दिल्ली में नितिन गडकरी और स्मृति ईरानी से जयराम ठाकुर की शिष्टाचार भेंट
हिमाचल के विकास, सड़क एवं राजमार्ग परियोजनाओं और संगठनात्मक विषयों पर हुई चर्चा

01 अक्टूबर 2026
(Viren Thakur)
नेता प्रतिपक्ष एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान हिमाचल प्रदेश से जुड़े विभिन्न विकासात्मक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
सड़क एवं कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर जोर
भेंट के दौरान प्रदेश में सड़क एवं राजमार्ग से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों, विभिन्न विकासात्मक कार्यों तथा राज्य में परिवहन एवं कनेक्टिविटी को और अधिक सुदृढ़ करने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए सड़क संपर्क के महत्व से जुड़े विषय भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे।

स्मृति ईरानी से भी की मुलाकात
इसके उपरांत जयराम ठाकुर ने भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से भी शिष्टाचार भेंट की। दोनों नेताओं के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों के साथ-साथ संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
जयराम ठाकुर की नई दिल्ली में हुई इन मुलाकातों को हिमाचल प्रदेश से जुड़े विकासात्मक एवं संगठनात्मक विषयों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


