लेटस्ट न्यूजहिमाचल न्यूज

राज्यपाल ने लोक भवन के कर्मचारियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई

राज्यपाल ने युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि वे संविधान को केवल एक कानूनी दस्तावेज के रूप में न देखें,

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज कहा कि संविधान दिवस हमें भारतीय संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने तथा लोकतंत्र, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों को और अधिक सुदृढ़ बनाने का अवसर प्रदान करता है।

राज्यपाल लोक भवन में आयोजित संविधान दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लोक भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई।

राज्यपाल ने संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारतीय संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. बी.आर. अंबेडकर, संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद तथा संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली सभी महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

उन्होंने कहा कि भारत का संविधान वह मार्गदर्शक दस्तावेज है, जिसके अनुरूप देश और राज्य सरकार कार्य करती हैं। यह हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और नागरिक जिम्मेदारियों का सशक्त आधार है।

राज्यपाल ने युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि वे संविधान को केवल एक कानूनी दस्तावेज के रूप में न देखें, बल्कि इसे जीवन जीने का मार्गदर्शक मानते हुए इसके आदर्शों और सिद्धांतों को अपने आचरण में आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को संविधान के प्रति उसी श्रद्धा, सम्मान और समर्पण का भाव रखना चाहिए, जिस प्रकार वे अपने मूल्यों और मान्यताओं को महत्व देते हैं।

राज्यपाल ने अधिकारों और कर्तव्यों के परस्पर संबंध पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों का बोध होना चाहिए। राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ किए जाने तथा राजभवन से लोक भवन की ओर हुए परिवर्तन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ये बदलाव कर्तव्यनिष्ठा, जनसेवा और जनहित के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक प्रमुखता प्रदान करते हैं।

Advertisement

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान को संविधान सभा द्वारा 26 नवंबर, 1949 को अंगीकृत किया गया था तथा यह 26 जनवरी, 1950 को लागू हुआ। भारत सरकार ने वर्ष 2015 में डॉ. बी.आर. अंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी, ताकि नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों, आदर्शों और सिद्धांतों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा दिया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button