राजनीतिलेटस्ट न्यूजहिमाचल न्यूज

स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत; सुक्खू सरकार के भ्रष्टाचार और माफिया राज पर जनता का करारा प्रहार: जयराम ठाकुर

"मुख्यमंत्री झूठे हैं, उन पर खुद उनके मंत्री भी यकीन नहीं करते; सुक्खू की हालत ममता बनर्जी जैसी हो गई है" — नेता प्रतिपक्ष

19/05/2026-VIDYA SAGAR

शिमला। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एकतरफा और प्रचंड जीत पर प्रदेश की जनता का आभार जताया है। शिमला स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय “दीप कमल” में आयोजित विजय उत्सव के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला।

जयराम ठाकुर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह चुनावी नतीजे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की नाकामियों, बढ़ते भ्रष्टाचार, प्रशासनिक अराजकता और माफिया राज के खिलाफ जनता का एक बड़ा और करारा जनादेश हैं।


“मुख्यमंत्री के झूठ से त्रस्त है जनता और उनके अपने मंत्री”

नेताओं और कार्यकर्ताओं के भारी हुजूम के बीच जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर सीधा निशाना साधते हुए कहा:-

“प्रदेश के मुख्यमंत्री पूरी तरह से झूठे साबित हुए हैं। आलम यह है कि आज खुद उनकी कैबिनेट के मंत्री भी उन पर भरोसा नहीं करते। मुख्यमंत्री को अपनी हार का अंदाजा पहले से था, यही वजह है कि वे लगातार स्थानीय निकाय चुनावों को टालते रहे और इससे भागते रहे। आखिरकार माननीय न्यायालय के कड़े आदेश के बाद ही सरकार को चुनाव कराने पर मजबूर होना पड़ा।”


उन्होंने आगे कहा कि चुनाव परिणामों से विचलित होकर मुख्यमंत्री अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तरह बातें कर रहे हैं। सुक्खू को इस जन-आक्रोश और जनादेश को खुले दिल से स्वीकार करना चाहिए।



अराजकता और कुशासन को जनता ने नकारा

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बीते कुछ समय में हिमाचल प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। माफिया तत्वों को खुलेआम राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है और भ्रष्टाचार ने पूरे शासन तंत्र को खोखला कर दिया है। प्रदेश की जनता कांग्रेस के झूठे वादों और जनविरोधी फैसलों से तंग आ चुकी है और इन नतीजों ने साबित कर दिया है कि जनता अब इस सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने का मन बना चुकी है।



भाजपा मुख्यालय में गूंजे जीत के नारे, शीर्ष नेतृत्व रहा मौजूद

इस ऐतिहासिक जीत की खुशी में “दीप कमल” मुख्यालय में जमकर आतिशबाजी हुई और मिठाइयां बांटी गईं। जयराम ठाकुर ने इस शानदार सफलता का श्रेय भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और देवतुल्य जनता को दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में होने वाले अन्य चुनावों में भी जनता इसी तरह भाजपा को अपना अटूट समर्थन देगी।


इस ऐतिहासिक विजय उत्सव के मौके पर मुख्य रूप से उपस्थित रहे:

  • डॉ. राजीव बिंदल (प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा)

  • सिद्धार्थन (प्रदेश संगठन महामंत्री)

  • कमल सूद (प्रदेश कोषाध्यक्ष)

  • संजीव देष्टा (प्रदेश अध्यक्ष, किसान मोर्चा)

  • कर्ण नंदा (प्रदेश मीडिया संयोजक)

  • केशव चौहान (शिमला जिला अध्यक्ष) सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी और उत्साहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button