राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया आर्मी ट्रेनिंग कमांड मुख्यालय का दौरा
भारतीय सेना के आधुनिकीकरण, ड्रोन प्रशिक्षण और डिजिटल पहल की सराहना

1/MAY/2026:- Droupadi Murmu ने आज Army Training Command (ARTRAC) मुख्यालय, शिमला का दौरा किया। इस दौरान उनका स्वागत Kavinder Gupta तथा लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा, जीओसी-इन-सी, एआरटीआरएसी द्वारा किया गया।

दौरे के दौरान राष्ट्रपति को एआरटीआरएसी की स्थापना, भारतीय सेना के जवानों को उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण प्रदान करने में इसकी भूमिका तथा विभिन्न आधुनिक पहलों की जानकारी दी गई। लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा ने ड्रोन प्रशिक्षण, अत्याधुनिक तकनीकों को अपनाने, ‘रेड टीमिंग’ की अवधारणा और भारतीय सेना में डिजिटलीकरण एवं ऑटोमेशन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
राष्ट्रपति ने कहा कि एआरटीआरएसी भारतीय सेना के लिए युद्ध संबंधी अवधारणाओं के विकास, संसाधन निर्माण और मित्र देशों व अन्य सेनाओं के साथ सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने इसे “मिलिट्री ग्लोरी, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत” की दिशा में एक अहम कड़ी बताया।

उन्होंने कहा कि एआरटीआरएसी के अंतर्गत संचालित 32 प्रमुख प्रशिक्षण संस्थान भारतीय सेना में पेशेवर दक्षता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं, जिससे सेना को युद्ध कला और रणनीति के क्षेत्र में विशेष मजबूती मिलती है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारतीय सेना के प्रशिक्षण तंत्र को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए एआरटीआरएसी को भविष्य में भी पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एआरटीआरएसी के सभी अधिकारियों, जवानों और रक्षा नागरिक कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य की सराहना की।



