लेटस्ट न्यूजहिमाचल न्यूज

राज्यपाल ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए

महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के सिद्धांत पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करते रहेंगेः राज्यपाल लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को याद करते हुए जीवन में ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान

2 अक्तूबर, 2026

(Viren Thakur)

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने गांधी जयंती के अवसर पर आज शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए राज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने अपने संघर्ष और सत्याग्रह की शक्ति से भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में अतुलनीय योगदान दिया। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने स्वतंत्रता संग्राम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को एकजुट किया और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी हमारे लिए एक आदर्श, प्रेरणा के स्रोत और मार्गदर्शक हैं। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और हमें निरंतर प्रेरित करती रहेंगी।

राज्यपाल ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उनके सर्वोच्च बलिदान से भारत ने स्वतंत्रता हासिल की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र को उनके साहस, बलिदान और समर्पण को सदैव याद रखना चाहिए तथा उनसे प्रेरणा लेते रहना चाहिए।

राज्यपाल ने रिज मैदान पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा महात्मा गांधी के जीवन एवं संघर्ष पर आयोजित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छता कर्मियों को मैत्री संस्था द्वारा उपलब्ध करवाए गए हीटर वितरित किए।

Advertisement

इसके बाद, राज्यपाल ने सीटीओ जाकर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्र की प्रगति में उनके योगदान को याद किया।

राज्यपाल ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने जीवन में ईमानदारी, सादगी और नैतिकता के उच्च मानदंड स्थापित किए। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री जी ने राजनीति में स्वच्छता और नैतिकता को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की। वर्तमान में राजनीतिक नेताओं को उनके जीवन और मूल्यों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

राज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन एवं उनके आदर्श आज भी सेवा, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता को इंगित करते हैं।

इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, महापौर सुरेंद्र चौहान, हिमाचल प्रदेश वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, उप-महापौर उमा कौशल तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button