हिमाचल सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में 912 नए पदों को दी मंजूरी, मेडिकल सेवाओं को मिलेगा बड़ा बल
कैबिनेट बैठक में चिकित्सा अधिकारी, स्टाफ नर्स, एमटीएस सहित विभिन्न श्रेणियों के पद स्वीकृत; अस्पतालों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर।

![]()
शिमला। 12/June/2026
प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कुल 912 नए पदों के सृजन को मंजूरी प्रदान की गई है।सरकार के अनुसार, इस निर्णय का उद्देश्य प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों एवं सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाना, मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य संस्थानों में मानव संसाधनों की कमी को दूर करना है।
स्वीकृत पदों में 300 चिकित्सा अधिकारी, 250 मल्टी टास्क वर्कर (MTS), 200 स्टाफ नर्स, 76 ऑपरेशन थिएटर सहायक, 50 लैब तकनीशियन (ग्रेड-II) तथा 36 रेडियोग्राफर के पद शामिल हैं।
सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होने से दूरदराज के क्षेत्रों में भी मरीजों को बेहतर और समयबद्ध चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इसके अतिरिक्त, इन पदों के सृजन से प्रदेश के युवाओं के लिए सरकारी रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलेगा।
![]()



