Religiousराजनीतिलेटस्ट न्यूजहिमाचल न्यूज

बिलासपुर में विश्व हिंदू परिषद के हित चिंतक अभियान को लेकर बड़ी बैठक, 50 हजार लोगों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित

घुमारवीं में आयोजित बैठक में उत्तर क्षेत्र मंत्री लेखराज राणा सहित प्रांत व जिला स्तर के पदाधिकारी रहे मौजूद, जिले के आठ प्रखंडों में चलाया जाएगा अभियान

घुमारवीं (बिलासपुर): विश्व हिंदू परिषद द्वारा चलाए जा रहे हित चिंतक अभियान को लेकर जिला बिलासपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन घुमारवीं में किया गया। बैठक में अभियान की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही जिले में 50 हजार हित चिंतक बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इस दौरान जिला बिलासपुर के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की।

बैठक में विश्व हिंदू परिषद के उत्तर क्षेत्र मंत्री लेखराज राणा, हिमाचल प्रांत उपाध्यक्ष रमेश परमार, प्रांत निधि एवं न्यास प्रमुख दिनेश पंडित, प्रांत गो रक्षा प्रमुख अश्विनी कपिल, जिला मंत्री विशाल नड्डा, घुमारवीं मंत्री प्रिंस ठाकुर, संवेदना संस्था के सचिव सत्यन शर्मा तथा सदस्य अजीत पराशर विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में मातृशक्ति की सहभागिता भी रही।

बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने बताया कि हित चिंतक अभियान का उद्देश्य हिंदू समाज के अधिक से अधिक लोगों को समाज के हितों के प्रति जागरूक करना और उन्हें इस अभियान से जोड़ना है। विश्व हिंदू परिषद के अनुसार, हित चिंतक का अर्थ केवल सदस्यता तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक हिंदू को हिंदू समाज के हितों के प्रति चिंतन करने वाले व्यक्ति के रूप में जोड़ना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

बताया गया कि यह अभियान प्रत्येक तीन वर्ष के अंतराल पर आयोजित किया जाता है। इस वर्ष देशभर में अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला बिलासपुर के आठ प्रखंडों में कुल 50 हजार हित चिंतक बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

Advertisement

अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए विश्व हिंदू परिषद द्वारा VHP CONNECT नाम से एक मोबाइल ऐप तैयार की गई है, जिसके माध्यम से लोगों को हित चिंतक के रूप में जोड़ा जाएगा। इसके अतिरिक्त रसीद के माध्यम से भी हित चिंतक बनाए जाएंगे, जिसके लिए 20 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। अभियान के तहत हित चिंतक बनने वाले लोगों को एक स्टीकर और पत्रक भी प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला मंत्री विशाल नड्डा ने समस्त बिलासपुर वासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में हित चिंतक बनकर हिंदू समाज की एकजुटता और शक्ति को मजबूत करने में सहयोग देने का आग्रह किया।

बैठक में अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। पदाधिकारियों ने निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए आपसी समन्वय और सक्रिय सहभागिता के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button