रामपुर में सजेगा खेल महाकुंभ: वन विभाग के 1,000 खिलाड़ी 11 से दिखाएंगे जौहर
11 से 13 सितंबर तक आयोजित होगी 27वीं राज्यस्तरीय खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता

VIDYA SAGAR
शिमला / रामपुर-07/08/2026 — वनों की सुरक्षा में मुस्तैद रहने वाले और दफ्तरों में फाइलों में व्यस्त रहने वाले हिमाचल प्रदेश वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी जल्द ही खेल के मैदान में अपना हुनर दिखाते नजर आएंगे। हिमाचल प्रदेश वन विभाग ने इस बार 27वीं खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता का आयोजन रामपुर में कराने का निर्णय लिया है। यह तीन दिवसीय राज्यस्तरीय प्रतियोगिता 11 से 13 सितंबर तक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर से विभाग के लगभग 1,000 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
तैयारियों का जायजा और शीर्ष अधिकारियों के निर्देश
-
वन बल प्रमुख की वीसी समीक्षा: प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए वन बल प्रमुख एवं जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक डा. संजय सूद ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी वन वृत्तों के अरण्यपाल (CCF) तथा वन मंडलाधिकारियों (DFO) के साथ बैठक की। उन्होंने आयोजन समिति रामपुर को हर पहलू पर बारीकी से काम करने के निर्देश दिए।
-
मैदानों का चयन: प्रतियोगिता के लिए पाटबंगला कॉलेज ग्राउंड, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खेल मैदान रामपुर और दत्तनगर खेल मैदान को चयनित किया गया है।
-
सुव्यवस्थित प्रबंधन: खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, परिवहन, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं और खेल स्थलों के रखरखाव के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अरण्यपाल रामपुर सीबी ताशीलदार और डीएफओ रामपुर गुरहर्ष सिंह आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में जुटे हैं।
“23 वर्ष बाद रामपुर वन वृत्त को इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना बेहद गर्व का विषय है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी टीम भावना से इसे सफल बनाएं। साथ ही स्थानीय प्रशासन और जनता से भी सहयोग की अपील है।”
— सीबी ताशीलदार, अरण्यपाल (रामपुर वन वृत्त)




