निवेश के नक्शे पर चमका हिमाचल: Investment Friendliness Index-2026 में पर्वतीय राज्यों में तीसरे स्थान के साथ ‘फ्रंटरनर’ बना प्रदेश
अवसंरचना और संसाधन श्रेणी में देशभर में पहला स्थान, निवेशकों के लिए मजबूत और पारदर्शी कारोबारी माहौल बना हिमाचल की नई पहचान

शिमला | 25 जुलाई, 2026 || हिमाचल प्रदेश ने निवेश आकर्षित करने की दिशा में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। नीति आयोग द्वारा जारी Investment Friendliness Index (IFI)-2026 में प्रदेश ने पर्वतीय एवं उत्तर-पूर्वी राज्यों की श्रेणी में तीसरा स्थान हासिल करते हुए ‘Frontrunner’ श्रेणी में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस उपलब्धि को राज्य सरकार की पारदर्शी, प्रभावी और निवेशक-अनुकूल नीतियों का परिणाम बताते हुए कहा कि सरकार लगातार व्यापार सुगमता, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को प्राथमिकता दे रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, अवसंरचना (Infrastructure) और संसाधन (Resources) श्रेणी में हिमाचल पूरे देश में प्रथम स्थान पर रहा। बेहतर डिजिटल कनेक्टिविटी, मजबूत बिजली व्यवस्था, उत्कृष्ट मानव संसाधन, महिलाओं की उच्च कार्यबल भागीदारी और निवेशकों के लिए सरल प्रशासनिक प्रक्रियाओं ने प्रदेश को देश के सबसे आकर्षक निवेश स्थलों में शामिल कर दिया है।
राज्य की Single Window System के माध्यम से अब 30 विभागों की 180 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं, जिससे उद्योगों और निवेशकों को तेज, पारदर्शी और आसान सेवाएं मिल रही हैं। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि यह उपलब्धि हिमाचल को औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसरों की दिशा में और मजबूत बनाएगी।



