राजनीतिहिमाचल न्यूज

कांग्रेस पर टिकट आवेदन शुल्क को लेकर जयराम ठाकुर का हमला, स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

₹5000 आवेदन शुल्क को बताया लोकतांत्रिक अधिकारों पर “वसूली”, प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर सरकार को घेरा

शिमला, 26 अप्रैल, 2026 | पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष Jai Ram Thakur ने कांग्रेस सरकार पर स्थानीय निकाय चुनावों में टिकट आवेदन शुल्क को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस टिकट के लिए आवेदन करने वाले कार्यकर्ताओं से ₹5000 की वसूली कर रही है, जो न केवल अनुचित है बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ भी है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में टिकट के लिए आवेदन करना कार्यकर्ताओं का अधिकार होता है, लेकिन इसके लिए शुल्क लेना लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है। उन्होंने सवाल उठाया कि यह राशि प्रदेश की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए ली जा रही है या पार्टी के हितों के लिए। उन्होंने यह भी कहा कि पहले हिमाचल प्रदेश कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए ₹10000 शुल्क ले चुकी है, लेकिन उस दौरान लोगों की प्रतिक्रिया भी नकारात्मक रही थी।

जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार को “व्यवस्था परिवर्तन” के नाम पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था कमजोर हो रही है और जनता सरकार की नीतियों से त्रस्त है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले स्थानीय निकाय चुनावों में जनता कांग्रेस को सबक सिखाएगी।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी साधा निशाना

जयराम ठाकुर ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को “बदहाल” बताते हुए मुख्यमंत्री से बड़ी-बड़ी घोषणाओं की बजाय बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों, दवाइयों, पैथोलॉजिस्ट और रेडियोलॉजिस्ट की कमी है, जिससे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

रोबोटिक सर्जरी जैसे बड़े दावों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब ऑपरेशन थिएटर के दरवाजे तक ठीक नहीं हैं, तब इस तरह की घोषणाएं वास्तविकता से दूर हैं। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए दिए जा रहे फंड के सही उपयोग पर भी सवाल उठाए और सरकार से व्यवस्था सुधारने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button