लेटस्ट न्यूजहिमाचल न्यूज

देवभूमि में नशे पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: हिमाचल पुलिस का महा-अभियान, 573 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी, रैंडम यूरिन टेस्ट से हड़कंप

एंटी-चिट्टा अभियान के तहत जंगलों, खंडहरों और पार्किंग लॉट्स में दौड़ी स्पेशल टास्क फोर्स; 1774 गाड़ियां खंगालीं, संदिग्धों के लिए पुलिस का स्पष्ट संदेश— 'नो ड्रग एब्यूज हेयर'

VIDYA SAGAR

शिमला, 14 जुलाई 2026

हिमाचल प्रदेश को पूरी तरह से नशा मुक्त बनाने और युवाओं की रगों में जहर घोलने वाले ड्रग्स माफिया की रीढ़ तोड़ने के लिए राज्य पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा और आक्रामक एक्शन लिया है। प्रदेशव्यापी ‘एंटी-चिट्टा अभियान’ के द्वितीय चरण के तहत सोमवार को स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से पूरे राज्य में एक साथ व्यापक और गहन तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस विभाग के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के कड़े निर्देशों के बाद पुलिस महकमा प्रदेश से चिट्टे के समूल नाश के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।



जंगलों से लेकर परित्यक्त भवनों तक छान मारे 573 ठिकाने

पुलिस ने इस बार उन ठिकानों को अपना निशाना बनाया जहां अमूमन नशेड़ी और तस्कर छिपकर अवैध गतिविधियों को अंजाम देते हैं। पुलिस टीमों ने राज्य भर में फैले:

  • सुनसान पहाड़ी क्षेत्रों और घने जंगलों,

  • परित्यक्त भवनों (खंडहरों) और खाली कमरों,

  • पार्किंग स्थलों, गैराज शेडों और नदी के किनारों,

  • तथा पुराने बस-स्टैंडों जैसे 573 निर्जन और एकांत स्थानों को पूरी तरह खंगाल डाला।



रैंडम यूरिन स्क्रीनिंग से मंचा हड़कंप, 840 संदिग्धों पर नजर

इस औचक छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए एक आधुनिक तरीका अपनाया। चिन्हित क्षेत्रों, गांवों और शहरों में घूम रहे 840 संदिग्ध व्यक्तियों की गहन स्क्रीनिंग की गई। इनमें से शक के आधार पर 114 व्यक्तियों के मूत्र के नमूने (Urine Samples) एकत्रित कर रैंडम ड्रग स्क्रीनिंग की गई, ताकि मौके पर ही नशा करने वालों की पुष्टि की जा सके।


1774 वाहनों की तलाशी, हेरोइन के साथ 2 गिरफ्तार

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस महा-अभियान के दौरान राज्य के बॉर्डर और आंतरिक रास्तों पर नाकेबंदी कर 1774 वाहनों की सघन तलाशी ली गई। इस दौरान कोटपा (COTPA) के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले 169 लोगों के चालान काटे गए। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 2.57 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया, एक नया आपराधिक मुकदमा दर्ज किया और इस काले कारोबार में संलिप्त दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है।



885 संवेदनशील जगहों पर लगे चेतावनी बोर्ड: ‘नो ड्रग एब्यूज हेयर’

पुलिस केवल अपराधियों को पकड़ने तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि सामाजिक चेतना जगाने के लिए भी कदम उठाए हैं। राज्य के 885 चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर ‘नो ड्रग एब्यूज हेयर’ (No Drug Abuse Here) के सूचना पट्ट और पोस्टर्स स्थापित किए गए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य ऐसे एकांत स्थानों पर मादक पदार्थों का सेवन करने वालों को स्पष्ट कानूनी चेतावनी देना और स्थानीय जनता को जागरूक करना है।



हिमाचल पुलिस की जनता से अपील: ‘112’ पर दें सूचना, नाम रहेगा पूरी तरह गुप्त

“चिट्टा या किसी भी प्रकार के नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत ‘112’ नंबर पर या अपने नजदीकी पुलिस थाने में सूचित करें। सूचना देने वाले नागरिक की पहचान को शत-प्रतिशत सुरक्षित और पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। मुख्यमंत्री के सशक्त नेतृत्व और सूबे के जागरूक युवाओं की सहभागिता से हिमाचल पुलिस देवभूमि को नशा-मुक्त वातावरण देने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।” — प्रवक्ता, हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button