लेटस्ट न्यूजहिमाचल न्यूज

एचपीबीओसीडब्ल्यूडब्ल्यूबी की योजनाओं से लाखों श्रमिक हुए लाभान्वित, 108 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित

बोर्ड के अध्यक्ष ने दिल्ली में संयुक्त सचिव से की भेंट

16 अक्तूबर, 2026

(Viren Thakur)

हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड (एचपीबीओसीडब्ल्यूडब्ल्यूबी) के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं के सम्बन्ध में आज नई दिल्ली में भारत सरकार के संयुक्त सचिव आशुतोष ए.टी. पेडणेकर से शिष्टाचार भेंट की।

बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं तथा श्रमिकों की आर्थिक सहायता, शिक्षा संबंधी लाभ तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। चर्चा के दौरान आशुतोष ए. टी. पेडणेकर ने बोर्ड की कार्यप्रणाली की प्रशंसा की। उन्होंने बोर्ड द्वारा ई-केवाईसी के माध्यम से पात्र लोगों की पहचान करके उन तक विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयासों की भी सराहना की।

अध्यक्ष ने संयुक्त सचिव को अवगत करवाया कि अब तक लगभग 4.77 लाख श्रमिकों का पंजीकरण किया जा चुका है, जबकि लगभग एक लाख ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की गई है। उन्होंने ऐसी ही प्रणाली पूरे देश में लागू करने पर बल दिया ताकि पात्र लाभार्थियों की पहचान करके उन्हंे विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा सके। इस दौरान लेवर चौक बनाने पर भी विस्तृत चर्चा की गई ।

उन्होंने कहा कि जनवरी 2023 से अब तक बोर्ड द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लगभग 108 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत ही सबसे अधिक 15,536 लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया तथा शिक्षा के लिए 46,38,01,225 रुपये की राशि वितरित की गई।

श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से उचित मूल्यों की दुकानों के माध्यम से योजनाओं के प्रचार-प्रसार, डिजिटल लेबर चौक तथा सैस एकत्रित से संबंधित कार्यों पर भी बल दिया जा रहा है और संबंधित कार्यों की प्रगति के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Advertisement

नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि बोर्ड की कल्याणकारी योजनाओं को अन्य देशों में भी सराहा गया है। उन्होने कहा कि श्रीलंका और नेपाल से आए प्रतिनिधिमंडलों ने बोर्ड की कार्यप्रणाली एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रशंसा की तथा अपने देशों में भी हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की योजनाओं की तर्ज पर कल्याणकारी योजनाएं क्रियान्वित करने की संभावना पर बल दिया।

इसके अतिरिक्त, आम जनता एवं पात्र श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर एलईडी डिस्प्ले के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने की पहल भी की जा रही है।

नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के दिशा-निर्देशों एवं मार्गदर्शन में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड कामगारों और उनके परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि बोर्ड पात्र लाभार्थियों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से लाभ पहुंचाना सुनिश्चित कर रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button