कंजियाण में नुक्कड़ नाटक के जरिए एचआईवी-एड्स को लेकर किया जागरूक
सरस्वती कला मंच बीझड़ी के कलाकारों ने ग्रामीणों को बताए एचआईवी-एड्स फैलने के प्रमुख कारण और बचाव के उपाय

8 अक्तूबर, 2026
(Viren Thakur)
भोरंज: 8 अक्टूबर 2026 को एड्स कंट्रोल सोसायटी शिमला के सौजन्य से सरस्वती कला मंच बीझड़ी के कलाकारों ने ग्राम पंचायत कंजियाण में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने मनोरंजक तरीके से एचआईवी-एड्स फैलने के प्रमुख कारणों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई।
कला मंच की अध्यक्ष बिमला राठौर ने लोगों को एचआईवी-एड्स फैलने के चार प्रमुख कारणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जागरूकता और सही जानकारी के माध्यम से एचआईवी-एड्स से बचाव संभव है। कलाकारों ने संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों का मनोरंजन करने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी प्रदान की।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कंजियाण, भोरंज की प्रधान रजनी कौशल, उपप्रधान सुरेंद्र भारद्वाज, वार्ड सदस्य सुधा देवी, आशा वर्कर हेमलता, सुरक्षा देवी सहित गांव के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सरस्वती कला मंच बीझड़ी के कलाकारों में बिमला राठौर, विनोद, कुमारी नीतू, भूमि, देव, सुशील कुमार, राजेश चौधरी, शिवम और वीना देवी सहित अन्य कलाकार शामिल रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर ग्राम पंचायत प्रधान रजनी कौशल ने सभी कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए उनके द्वारा किए गए जागरूकता प्रयासों की सराहना की और लोगों तक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संदेश पहुंचाने के लिए उनका दिल से धन्यवाद किया।



