लेटस्ट न्यूजहिमाचल न्यूज

नई दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा को पूर्वावलोकन समारोह का आयोजन

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा 21 से 27 अक्टूबर, 2026 तक होगा आयोजित

14 अक्तूबर, 2026

(Viren Thakur)

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं विधायक सुन्दर सिंह ठाकुर ने आज नई दिल्ली में बताया कि इस वर्ष प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा का आयोजन 21 से 27 अक्तूबर, 2026 तक कुल्लू में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता 21 अक्तूबर को इस उत्सव का शुभारंभ करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू समापन समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

सुन्दर सिंह ठाकुर ने कहा कि स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय नृत्य शैलियों के संगम पर आधारित ग्लोबल डांस कार्यक्रम इस उत्सव का प्रमुख आकर्षण होगा। इसके अतिरिक्त ड्रोन और लेजर शो भी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेंगे।

अंतरराष्ट्रीय नृत्य महोत्सव के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि यह कुल्लू दशहरा का मुख्य आकर्षण होगा। इस महोत्सव में भाग लेने वाले विभिन्न देशों की संस्कृतियों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के रंग-बिरंगे लोकनृत्यों का प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि थाईलैंड, मिस्र, उज्बेकिस्तान, रूस, कजाकिस्तान और अमेरिका सहित लगभग 12 देशों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि की है, जबकि कुल 24 देशों द्वारा इसमें भाग लेने की आशा है। उन्होंने कहा कि भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद इस आयोजन की सांस्कृतिक भागीदार है, जबकि उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र और दक्षिण क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में योगदान दे रहे हैं।

सुन्दर सिंह ठाकुर ने कुल्लू दशहरा की ऐतिहासिक परंपरा की जानकारी देते हुए बताया कि इसका इतिहास 17वीं शताब्दी से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि कुल्लू स्थानीय देवी-देवताओं की भूमि है और उनकी उपस्थिति के कारण इस क्षेत्र को देवभूमि के नाम से जाना जाता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के आयोजन के लिए अब तक 346 स्थानीय देवी-देवताओं को निमंत्रण भेजे जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस उत्सव को भव्य स्तर पर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसी के अनुरूप न केवल कार्यक्रमों की गुणवत्ता में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं, बल्कि उत्सव के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सात दिवसीय यह उत्सव पिछले वर्षों की परंपरा के अनुसार आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों और संस्थानों द्वारा स्टॉल भी लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सात दिवसीय कार्यक्रम में स्थानीय खेल प्रतियोगिताएं और नशा मुक्ति अभियान भी महत्वपूर्ण गतिविधियां होंगी।

Advertisement

उन्होंने बताया कि इस आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार और देशभर के लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नई दिल्ली में यह पूर्वावलोकन समारोह आयोजित किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी प्रमुख आकर्षण है। यहां पर्यटक विभिन्न देशों के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने के साथ हस्तशिल्प, ऊनी वस्त्रों और अन्य विशिष्ट स्थानीय उत्पादों की खरीदारी भी कर सकते हैं।

उन्होंने देशभर के लोगों को इस भव्य उत्सव का हिस्सा बनने और कुल्लू आकर इसकी सांस्कृतिक छटा का अनुभव करने के लिए आमंत्रित किया।

इस अवसर पर प्रधान आवासीय आयुक्त अजय यादव और उप-आवासीय आयुक्त मयंक शर्मा भी उपस्थित थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button