लेटस्ट न्यूजहिमाचल न्यूज

मुख्यमंत्री ने नवरात्रि के दौरान 10.25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित

एवं सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश पुलिस को दी बधाई

20 अक्तूबर, 2026

(Viren Thakur)

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने 11 से 19 अक्तूबर, 2026 तक आयोजित नवरात्रि के दौरान प्रदेश के सात प्रमुख शक्तिपीठों एवं मंदिरों में दर्शन करने पहुंचे 10,25,726 श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुचारू दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश पुलिस की सराहना करते हुए बधाई दी है।

मुख्यमंत्री ने पुलिस कर्मियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और व्यावसायिक दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के पवित्र धार्मिक स्थलों में लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करना प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने श्रद्धालुओं की यात्रा को सुखद, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए पुलिस, जिला प्रशासन, मंदिर न्यासों, होमगार्ड तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और सामूहिक प्रयासों की सराहना की।

नौ दिवसीय नवरात्रि उत्सव के दौरान प्रदेश के सात प्रमुख मंदिरों में कुल 10,25,726 श्रद्धालुओं और 1,04,520 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई। नवरात्रि के दौरान श्री नैना देवी जी मंदिर में सर्वाधिक 3,95,226 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके अतिरिक्त, श्री ज्वालामुखी जी में 1,80,000, श्री चिंतपूर्णी जी में 1,39,000, श्री बाला सुंदरी जी त्रिलोकपुर में 1,06,600, श्री चामुंडा देवी जी में 70,500, श्री ब्रजेश्वरी देवी जी में 69,400 तथा श्री बगलामुखी जी मंदिर में 65,000 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।

पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित इन मंदिरों तक पहुंचने वाले संकरे मार्गों और सीमित पार्किंग सुविधाओं के बीच श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या का व्यवस्थित प्रबंधन करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य था। इसे ध्यान में रखते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस ने भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, कतारों के संचालन तथा जनसुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए। इन प्रयासों से श्रद्धालु शांतिपूर्ण ढंग से और बिना किसी अनावश्यक परेशानी के अपने आराध्य के दर्शन कर सके।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उन पुलिस कर्मियों के योगदान की सराहना की, जिन्होंने लंबे समय तक ड्यूटी पर तैनात रहकर यह सुनिश्चित किया कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने इस दौरान मंदिर प्रबंधन, स्वयंसेवकों, स्थानीय निवासियों तथा श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों एवं प्रदेश में आने वाले पर्यटकों से अपील की कि पुलिस, अग्निशमन या एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सहायता की आवश्यकता होने पर वे चौबीसों घंटे उपलब्ध आपातकालीन हेल्पलाइन ईआरएसएस-112 का उपयोग करें।

Advertisement

पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का प्रोत्साहन पुलिस बल को जनसेवा के प्रति और अधिक समर्पण, संवेदनशीलता एवं व्यावसायिक दक्षता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरणा स्रोत है।

पुलिस महानिदेशक ने नवरात्रि के दौरान व्यवस्थाओं में तैनात संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों, पर्यवेक्षण अधिकारियों तथा पुलिस कर्मियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस प्रदेश में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु एवं पर्यटक की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के दृष्टिगत पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button