लेटस्ट न्यूजहिमाचल न्यूज

‘हिमकेयर’ पर जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर महा-प्रहार: बोले— “लगातार झूठ बोल रहे सीएम, RTI के जवाब ने ही खोल दी दावों की पोल”

नेता प्रतिपक्ष का सीधा आरोप: "साढ़े तीन साल में खुद एक भी योजना नहीं चला पाए मुख्यमंत्री, राजनीतिक द्वेष में डॉक्टरों और सर्जनों की निष्ठा पर उठा रहे सवाल"

VIDYA SAGAR

शिमला, 14 जुलाई 2026

हिमाचल प्रदेश में गरीबों और मध्यम वर्ग के लिए मुफ्त इलाज की लाइफलाइन मानी जाने वाली ‘हिमकेयर योजना’ (Himcare Scheme) को लेकर सूबे की सियासत एक बार फिर पूरी तरह गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें झूठ के सहारे जनता को गुमराह करने वाला नेता करार दिया है। जयराम ठाकुर ने दो टूक शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री हिमकेयर योजना को लेकर लगातार सफेद झूठ बोल रहे हैं, जबकि सच्चाई खुद सरकार के आधिकारिक दस्तावेजों में दर्ज है।

RTI के आधिकारिक आंकड़ों से मुख्यमंत्री के दावे ध्वस्त

नेता प्रतिपक्ष ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि सूचना के अधिकार (RTI) अधिनियम, 2005 के तहत वर्ष 2019 से 2022 तक की जो आधिकारिक जानकारी सरकार से मांगी गई थी, उसके लिखित जवाब ने ही मुख्यमंत्री के दावों की हवा निकाल दी है। खुद सुक्खू सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने लिखित में स्वीकार किया है कि इस अवधि के दौरान राज्य के सरकारी अस्पतालों में जितने भी ‘हिस्टेरेक्टॉमी’ (बच्चेदानी निकालने के ऑपरेशन) हुए हैं, उनमें पुरुष मरीजों से संबंधित एक भी मामला रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है।


“अपनी विफलता छिपाने के लिए पूर्व सरकार की योजनाओं पर उछाल रहे कीचड़”

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री भाजपा सरकार के समय शुरू हुई इस बेहद लोकप्रिय और जनकल्याणकारी योजना की सफलता से इस कदर ईर्ष्या करते हैं कि वे इसे जनता के बीच सिर्फ बदनाम करना चाहते हैं।

उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा:-

“अपनी साढ़े तीन वर्ष की सरकार में मुख्यमंत्री खुद जनता के लिए ऐसी एक भी बड़ी योजना शुरू करने में पूरी तरह नाकाम रहे हैं। अपनी इसी प्रशासनिक विफलता को छिपाने के लिए वे पूर्व भाजपा सरकार की योजनाओं को ‘घोटाले’ का झूठा नाम देकर उस पर कीचड़ उछाल रहे हैं। बिना किसी तथ्य और प्रमाण के सार्वजनिक रूप से ऐसी आधारहीन बातें करना एक मुख्यमंत्री को कतई शोभा नहीं देता।”


ईमानदार डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ का अपमान: जयराम

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सुक्खू न केवल राजनीतिक द्वेष और संकीर्ण मानसिकता के तहत झूठ फैला रहे हैं, बल्कि इस भ्रामक दुष्प्रचार के जरिए वे दिन-रात सरकारी अस्पतालों में ईमानदारी से सेवाएं दे रहे प्रदेश के डॉक्टरों, सर्जनों और पैरामेडिकल स्टाफ की निष्ठा पर भी गंभीर सवाल उठा रहे हैं। यह पूरे चिकित्सा जगत का अपमान है।



जयराम ठाकुर की सुक्खू सरकार को नसीहत

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री को नसीहत देते हुए कहा कि अगर वे खुद जनहित में कोई नई योजना शुरू करने की क्षमता नहीं रखते, तो कम से कम पूर्ववर्ती सरकार द्वारा चलाई जा रही गरीबों को सहारा देने वाली योजनाओं को द्वेष की भावना से जल-भुनकर बदनाम करना बंद करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी पुरानी झूठ बोलने की आदत को छोड़कर अब राजनीति से ऊपर उठना चाहिए और पूर्व सरकार के काम की आलोचना करने के बजाय अपना पूरा ध्यान सरकार चलाने, विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और प्रदेश की जनता को बुनियादी सुविधाएं देने पर केंद्रित करना चाहिए, क्योंकि राज्य की जनता अब उनके इस तथ्यहीन और भ्रामक दुष्प्रचार को अच्छी तरह समझ चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button