IPL 2026: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने मचाया कोहराम, क्रिस गेल का 14 साल पुराना ‘महारिकॉर्ड’ तोड़ रचा इतिहास
हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर में महज 29 गेंदों पर कूट डाले 97 रन; 12 गगनचुंबी छक्के जड़कर बने सीजन के नए 'सिक्सर किंग', शतक से चूकने पर रो पड़े 'यूनिवर्सल बेबी बॉस'।

28/05/2026- VIDYA SAGAR
न्यू चंडीगढ़ / स्पोर्ट्स डेस्क: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के एलिमिनेटर मुकाबले में क्रिकेट जगत ने एक ऐसा तूफान देखा, जिसने इतिहास के पन्नों को पलटकर रख दिया। राजस्थान रॉयल्स (RR) के महज 15 वर्षीय युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ महाराजा यादविन्द्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में ऐसी खूंखार पारी खेली, जिसने पूरे सोशल मीडिया और क्रिकेट गलियारों में तहलका मचा दिया है। वैभव ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर टी20 क्रिकेट के शहंशाह क्रिस गेल का एक बेहद बड़ा और ऐतिहासिक रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।

टूट गया क्रिस गेल का 14 साल पुराना ‘महारिकॉर्ड’
इस मुकाबले से पहले एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल (59 छक्के, साल 2012) के नाम दर्ज था। लेकिन 15 साल के इस बिहारी लड़के ने हैदराबाद के गेंदबाजों को रिमांड पर लेते हुए अपनी 29 गेंदों की पारी में 12 गगनचुंबी छक्के जड़ दिए।
इस सीजन में अब वैभव के नाम कुल 65 छक्के हो गए हैं, जिसके साथ ही उन्होंने गेल के 14 साल पुराने रिकॉर्ड को मलबे में तब्दील कर दिया। खुद क्रिस गेल भी इस युवा खिलाड़ी के मुरीद हो गए और सोशल मीडिया पर वैभव को ‘UNIVERSAL BABY BOSS’ और ‘न्यू सिक्स मशीन’ का नया टैग दे डाला।
ऐतिहासिक शतक से चूके, पवेलियन लौटते समय आंखों में आए आंसू
मैच के दौरान एक समय ऐसा लग रहा था कि वैभव सूर्यवंशी, क्रिस गेल के आईपीएल इतिहास के सबसे तेज शतक (30 गेंद) के रिकॉर्ड को भी तोड़ देंगे। वैभव 28 गेंदों पर 97 रन बनाकर खेल रहे थे और इतिहास रचने से महज एक हिट दूर थे। लेकिन 29वीं गेंद पर वे डीप थर्ड मैन पर कैच आउट हो गए।
शतक से महज 3 रन से चूकने के बाद 15 साल का यह खिलाड़ी पिच पर ही बेहद भावुक नजर आया। पवेलियन लौटते समय कैमरों में उनकी आंखों के आंसू और चेहरे की निराशा साफ कैद हुई। हालांकि, जब वे बाउंड्री लाइन के पार पहुंचे, तो पूरी राजस्थान रॉयल्स की टीम और दर्शकों ने खड़े होकर तालियों के साथ इस ‘सिक्सर किंग’ का स्वागत किया।

मैच का लेखा-जोखा: राजस्थान रॉयल्स क्वालीफायर-2 में
वैभव सूर्यवंशी के 334.48 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से बनाए गए 97 रनों (5 चौके, 12 छक्के) की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने हैदराबाद के सामने रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया। जवाब में उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम इस दबाव को झेल नहीं सकी और राजस्थान ने इस एलिमिनेटर मुकाबले को 47 रनों से जीतकर क्वालीफायर-2 में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि हैदराबाद का सफर यहीं समाप्त हो गया।
इस पारी में बने वैभव के 5 बड़े रिकॉर्ड्स:
-
सिक्सर किंग: एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा 65 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने।
-
अनकैप्ड प्लेयर रिकॉर्ड: आईपीएल के एक सीजन में किसी अनकैप्ड खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा 680 रन बनाने का यशसवी जायसवाल का रिकॉर्ड तोड़ा।
-
पावरप्ले का तूफान: सीजन के पावरप्ले (पहले 6 ओवर) में सबसे ज्यादा 490 रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
-
प्लेऑफ में तबाही: किसी आईपीएल प्लेऑफ/नॉकआउट मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा 12 छक्के जड़ने का नया कीर्तिमान स्थापित किया।
-
फास्टेस्ट फिफ्टी: महज 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर आईपीएल प्लेऑफ इतिहास की संयुक्त रूप से सबसे तेज फिफ्टी लगाई।



